दुद्धी सोनभद्र। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही नृशंस हत्याओं और हाल ही में दीपू दास नामक युवक को जिंदा जलाने की घटना के विरोध में बुधवार को दुद्धी कस्बे में विशाल जुलूस निकाला गया।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के नेतृत्व में जेबीएस रामलीला कमेटी व्यापार मंडल अधिवक्ता संघ सहित हिंदू संगठनों ने आज दुद्धी भ्रमण कर ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जुलूस के दौरान बांग्लादेश सरकार और मुहम्मद यूनुस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई तथा उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। समर्थन में व्यापारियों ने आज अपनी दुकान और प्रतिष्ठान बंद रखें और आक्रोश व्यक्त किया।
बुधवार पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे तहसील परिसर से शुरू हुआ जुलूस बस स्टैंड, डीआर पैलेस, संकटमोचन मंदिर मार्ग, अमवार मोड़ होते हुए मुख्य मार्गों का भ्रमण कर संकटमोचन मंदिर तिराहे पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘बांग्लादेश होश में आओ’, ‘बांग्लादेश में हिंदुओं पर हत्याएं बंद हो’, ‘1972 में हिंदू 14% से 2024 में 8% बाकी कहां गए?’, ‘वंदे मातरम’ आदि स्लोगन के साथ भगवा पताका लहराए। इस दौरान अमवार मोड़ से लौटते हुए संकटमोचन तिराहे पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।
फिर जुलूस तहसील तिराहे पर पहुंचा, जहां
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर थामे बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ‘बांग्लादेश बॉयकॉट’, ‘हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो’ और ‘बांग्लादेश के हिंदुओं के लिए एक आवाज’ जैसे नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘यूनुस सरकार होश में आओ’ तथा ‘हिंदू हत्या बंद करो’ के उद्घोष लगाए। इस दौरान बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस का पुतला भी फूंका गया।प्रदर्शनकारियों में भारी आक्रोश दिखा और उन्होंने जूतों-चप्पलों से पुतला को पीटा। पुतला दहन के बाद तहसील परिसर में सभा आयोजित हुई।
विहिप प्रांत सह-समरसता प्रमुख राजेश सिंह ने संबोधन में कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं और हालिया घटना से समस्त हिंदू समाज आक्रोशित है। उन्होंने यूनुस सरकार को निरंकुश व तानाशाही बताते हुए कहा कि 1971 में भारत के जाबांज सैनिकों ने बांग्लादेश को जन्म दिया था, लेकिन वहां हिंदू उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भारत सरकार व राष्ट्रपति से कड़ी कार्रवाई की मांग की तथा पश्चिम बंगाल में हिंदू जन आक्रोश रैली के दौरान ममता बनर्जी सरकार द्वारा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार की निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन असफल रहा तो हिंदू समाज कार्रवाई को बाध्य होगा।
बजरंग दल प्रांत सह-संयोजक संदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्लोगन ‘बांटोगे तो काटोगे, एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे’ का स्मरण कराते हुए दीपू दास हत्याकांड की निंदा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल प्रशासन ने निर्दोष दीपू को जनता के हवाले कर दिया। ऐसी मानसिकता वालों को भारत में रहने का अधिकार नहीं, यहां रहना है तो ‘वंदे मातरम’ कहना होगा।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से विहिप प्रांत सह समरसता प्रमुख राजेश सिंह, बजरंग दल प्रांत सह संयोजक संदीप गुप्ता ,प्रखंड जिला सह संयोजक आलोक जायसवाल, राकेश श्रीवास्तव ,विकास जौहरी ,नगरपंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन,पंकज जायसवाल,भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, सोनू जायसवाल, जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल,रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, व्यापार मंडल सचिव जसवंत पटेल,मनोज सिंह,दिलीप पांडे,शशिकांत दुबे ,दिलीप पांडे,अनिल हलवाई,जितेंद्र चंद्रवंशी, सुमित सोनी,मनीष जायसवाल, मोनू सिंह,आदित्य जायसवाल,शनि कश्यप ,सत्यम,राकेश कुमार,विवेक सिंह सहित नौ प्रखंडों से पदाधिकारी-कार्यकर्ता समेत कस्बे से बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और लोगों ने हिंदू समाज की एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने नौ प्रखंडों से आए सभी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं व दुद्धी हिंदू समाज का आभार जताया तथा कार्यक्रम की सफलता की बधाई दी।
सोनभद्र, दुद्धी तहसील रिपोर्टर, विवेक सिंह