नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
जनहित से जुड़े योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु भूमि उपलब्ध कराने में आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें अधिकारी : उपायुक्त
निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
हजारीबाग: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं तथा रोड एवं कोल खनन परियोजनाओं की समीक्षा प्रधानमंत्री स्तर से की जाती है, अतः इन योजनाओं के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतमाला परियोजना से संबंधित भूमि मुआवजा भुगतान में तेजी लाने हेतु अंचल अधिकारियों को शीघ्र बोनाफाइड सर्टिफिकेट निर्गत करने का निर्देश दिया गया।
जंगली हाथियों के हमलों से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपायों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने रोडमैप तैयार करने, सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा अन्य आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रमाण-पत्रों के निबटारे में अनावश्यक रिजेक्शन से बचने की हिदायत दी।
बैठक में ज़ुडको द्वारा पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त इंद्रपुरी चौक से छडवा डैम तक की सड़क की मरम्मत कार्य एक सप्ताह में प्रारंभ करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत गोंदलपुरा प्रोजेक्ट में पीएम-अभीम योजना से निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के कार्य पर विमर्श करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान अनिवार्य है। पॉवर सब स्टेशन, खाद्य गोदाम, स्टेडियम, आंगनबाड़ी केंद्र आदि के लिए ज़मीन चिन्हित करने हेतु सभी अंचल अधिकारियों को शीघ्र प्रतिवेदन देने को कहा गया। मुख्यमंत्री पशुधन योजना और श्रमिकों के निबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं की गुणवत्ता की नियमित जांच करें तथा स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करें। सभी विभागों को पारस्परिक सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में डीएफओ, उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस,नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड/अंचल अधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।