मुख्य सड़क की बदहाली से नाराज़ ग्रामीणों ने कीचड़ में धान की रोपाई कर जताया विरोध
20 जून 2025 | निचलौल (महराजगंज)
तहसील चौराहा निचलौल से ग्राम सभा पिपराकाजी, कोहड़वल होते हुए दुधराई जंगल तक जाने वाला मुख्य मार्ग अब बदहाली की मार झेल रहा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ के कारण आम राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में यह सड़क मानो तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों को फिसलकर चोटिल होने का भय हर वक्त बना रहता है।
ग्रामवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या की ओर ध्यान दिलाया, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। इससे नाराज़ होकर ग्राम सभा पिपराकाजी चौराहे पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर जमी कीचड़ में धान की रोपाई की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर वे और उग्र प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग दर्जनों गांवों को जोड़ता है और हजारों की संख्या में स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज और किसान इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। लेकिन सड़क की दुर्दशा के चलते एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं का संचालन भी बाधित हो गया है। यह सड़क आम जनता की जीवनरेखा बन चुकी है, जिसकी मरम्मत अब अनिवार्य हो गई है।
इस प्रदर्शन में अंगद भारती, अरविंद सिंटू, अनीश गुप्ता, सूरज गुप्ता, प्रकाश सहित अन्य ग्रामीण सक्रिय रूप से मौजूद रहे और प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की, अंगद भारती ने कहा कि यदि प्रशासन ने इस पर जल्द कोई कार्रवाई नहीं करती तो पुनः प्रदर्शन किया जाएगा।
रवि प्रताप ( ब्यूरो चीफ महाराजगंज)