उरई(जालौन):
मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक हुई संपन्न:
डीएम-एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश:
जालौन में आगामी मोहर्रम पर्व को जनपद में सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजिये केवल उन्हीं परंपरागत स्थलों पर रखे जाएंगे, जहां वे पूर्व वर्षों में रखे जाते रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और परंपरागत स्वरूप में मनाएं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजिया रखने वाले स्थलों और उनसे गुजरने वाले मार्गों की पूर्व में ही साफ-सफाई सुनिश्चित कर ली जाए। विद्युत आपूर्ति को लेकर, अधिशासी अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिए गए कि कहीं भी ढीले विद्युत केबल या झूलते तार न रहें और उन्हें शीघ्रता से हटाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारियों को विशेष हिदायत दी कि ताजिया मार्गों पर यदि किसी विवाद की संभावना हो, तो अराजक तत्वों को पहले से ही चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। डीएम ने यह भी कहा कि ताजिये की ऊंचाई पारंपरिक मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। जिन स्थानों पर चिकित्सा टीम की आवश्यकता हो, वहां पूर्व से ही आवश्यक चिकित्सकीय तैयारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, विद्युत, पेयजल और स्वच्छता संबंधी समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं त्यौहार से पहले ही पूर्ण कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बैठक में कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। एसपी ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा और लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, समाज के संभ्रांत नागरिक और धर्मगुरु उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश