दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)कस्बा स्थित डीसीएफ कॉलोनी के गोंडवाना भवन में आज बुधवार को समाजवादी पार्टी की माह की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की। बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती भी मनाई गई और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श हुआ और उन्हें प्रभावी व कारगर तरीके से सुलझाने की रणनीति तैयार की गई। पर्यावरण संरक्षण, मतदाता सूची में नाम बढ़ाने तथा विश्व आदिवासी दिवस को लेकर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में युद्धस्तर पर संगठन मजबूत करने और जनता से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए दुद्धी विधानसभा के प्रभावी प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि छात्र पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हो रहे हैं और इससे छात्रों का भविष्य अधर में है। वहीं, किसानों को समय पर खाद न मिलने तथा वितरण में भ्रष्टाचार की बात उन्होंने उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन इन समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए जनता इस बार सरकार को बॉय बॉय कर देंगी ।
बैठक में विनोद सिंह गोंड, जगदीश प्रसाद यादव, कल्याण खान, नागेंद्र यादव, हरिशंकर यादव, अजय यादव, गौस मोहम्मद खान, राजकुमार, रामलाल, अनवर अली, प्रेमसागर पांडे, गोविंदा विश्वकर्मा, कौशल्या देवी, आशा रावत, सोना बेगम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।