घर में दिनदहाड़े घुसे बदमाश , बालिका को बंधक बनाकर लूट
फतेहगंज पश्चिमी। थानाक्षेत्र के गांव फरीदापुर रामचरन में सोमवार को दिनदहाड़े घर में घुसे चार नकाबपोश बदमाशों ने बालिका को बंधक बनाकर जेवर, नकदी समेत ढाई लाख रुपये का सामान लूट लिए।
बदमाशों के जाने के बाद बालिका ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, जिन्होंने उसे कमरे से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गांव फरीदापुर रामचरन निवासी राकेश कुमार के परिवार में पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। सोमवार को राकेश मजदूरी करने गए थे। पत्नी सरकारी स्कूल में रसोइया होने के कारण छोटी बेटी प्रभा को साथ लेकर चली गईं। बेटा खेत से आने के बाद चक्की पर चला गया।
घर पर बड़ी बेटी रूबी (10) अकेली थी। रूबी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े आठ बजे सीढ़ी लगाकर दीवार फांदकर चार नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और दो ने उसके बाल पकड़कर खींचकर कमरे में बंद कर दिया।
मुख्य गेट में अंदर से ताला डालदिया। कमरे से मंगलसूत्र, चेन, कुंडल, एक जोड़ी चांदी की पायल, गुल्लक में रखे 10 हजार रुपये, कट्टे में रखे पीतल के बर्तन उठा ले गए। करीब एक घंटे तक बदमाश घर में कीमती सामान तलाशते रहे। परिजनों की सूचना परपहुंची पुलिस ने जांच की, पीड़ित परिवार ने तहरीर दी है।
फतेहगंज पश्चिमी थाना पुरवाई सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। तहरीर लेकर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय
INDIAN TV NEWS
जिला संवाददाता बरेली