दुद्धी में एसडीएम और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त कार्रवाई, मेडिकल संचालकों में हड़कंप
दुद्धी सोनभद्र ।उपजिलाधिकारी निखिल यादव और ड्रग इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने कई मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों और सहकर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जांच में मेडिकल स्टोरों में कई खामियां पाई गईं, जिसे जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी ने बताया कि कुछ खामियों पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्रवाई दिखाई देगी।
मंगलवार को एसडीएम और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने कई मेडिकल स्टोरों की विधिवत जांच की। अधिकारियों के धमकने की खबर सुनते ही अन्य मेडिकल स्टोर के संचालक धड़ाधड़ शटर गिराकर भूमिगत हो गए।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच के दौरान एक्सपायर दवाओं और बिना लाइसेंस के दवा वितरण पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है ।
उपजिलाधिकारी ने आश्वस्त किया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोरों को दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों का पालन करना होगा। ऐसा न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह