आहिल हत्याकांड : 15 दिन पूर्व रची थी हत्या की साजिश
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। ममेरे भाई आहिल की हत्या के लिए वसीम ने करीब 15 दिन पहले साजिश रची थी। वह फिरौती मांगने के लिए एक्टिवेटेड सिम की तलाश में कई दुकानों पर भी पहुंचा था। दुकानों से सिम नहीं मिला तो उसने किसी परिचित की मदद से महिला के नाम पर सिम लेकर इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने अपहरण के मुकदमे में फिरौती मांगने और हत्या की धारा भी बढ़ा दी है। गांव टिटोली में आठ वर्षीय मासूम आहिल का रविवार शाम को अपहरण हो गया था। इस मामले में उसके पिता सखावत से दस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। देर रात पुलिस ने सखावत के भांजे वसीम को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा कर दिया। वसीम ने फिरौती वसूलने के लिए आहिल की ब्लेड से गला काटकर हत्या के बाद शव खेत में छिपा दिया था।
परिजन ने की मांग, अन्य आरोपियों को पकड़ा जाए
मंगलवार को आहिल के पिता सखावत ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से घटना में शामिल अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। सखावत ने कहा कि फिरौती का प्लान वसीम ने अकेले नहीं बनाया होगा। अन्य लोग भी शामिल हैं। वसीम जो कपड़े सुबह से पहने था, वही पहनकर उनके साथ आहिल को ढूंढ़वा रहा था। रात 9:57 बजे फिरौती का मैसेज आया, तब तक उनका बेटा जिन्दा था। इसके बाद ही उसकी हत्या हुई है। अगर वसीम ने अकेले उसकी हत्या की होती तो उसके कपड़े खून में सने होते।
वसीम के कपड़ों की भी होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस ने जब वसीम को गिरफ्तार किया तो उसके कपड़ों पर खून के धब्बे नहीं थे, जबकि उसने ब्लेड से गला काटकर आहिल की हत्या की थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कपड़े खून से सने होने पर उसने धो दिए होंगे, जिसके चलते उसके सारे कपड़े कब्जे में लेकर फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी है। कुकर्म की आशंका को देख उसका डीएनए सैंपल भी लिया जाएगा। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मुकदमे में हत्या और फिरौती मांगने की धारा बढ़ा दी गई है।
प्रवन पाण्डेय
Indian Tv News National
जिला संवाददाता बरेली