दुद्धी (सोनभद्र)।अखिल विश्व गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आज बुधवार को दुद्धी में दिव्य अखंड ज्योति रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। दोपहर ठीक 2 बजे यह रथ यात्रा रामलीला खेल मैदान से पुन्याह्वान मंत्रों और जयघोष के साथ प्रारंभ हुई।
यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्थल, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न सामाजिक–धार्मिक संगठनों द्वारा रथ का जगह-जगह पुष्पवर्षा व पूजा-अर्चना कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक सम्मिलित हुए।
यह यात्रा अखंड दिव्यज्योति के 100 वर्ष पूर्ण होने तथा माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में विश्व भ्रमण के भाग रूप में क्षेत्र में पहुँची है। रथ यात्रा का उद्देश्य मानवता में देवत्व और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देना है।
शाम 7 बजे होटल ग्रीन स्टार दुद्धी में 1100 दीपों से सुशोभित भव्य दीपयज्ञ का आयोजन होगा, जिसके उपरांत प्रवचन एवं भंडारे का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी जिला ट्रस्टी डॉ. हर्षवर्धन प्रजापति, शिवशंकर प्रसाद कुशवाहा, तहसील समन्वयक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी एवं प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष जीवन राम चंद्रवंशी सहित गायत्री परिवार के पदाधिकारियों द्वारा दी गई।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह