सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन पर शनिवार को जनपदभर में पुलिस जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के तहत सभी थाना प्रभारियों (SHO) ने अपने-अपने थानों पर बैठकर आमजन की शिकायतें सुनीं और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।
सुबह से ही थानों पर ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपनी भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, सिविल मामलों से संबंधित शिकायतें, साइबर फ्रॉड, वाहन चोरी, घरेलू हिंसा, दबंगई, छेड़छाड़ तथा अन्य समस्याएँ लेकर पहुंचे। थाना प्रभारियों ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और आवश्यकतानुसार मौके पर ही समाधान कराया। कई मामलों को राजस्व विभाग व अन्य संबंधित विभागों से समन्वय कर निस्तारित करने के लिए भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जनसुनवाई महज औपचारिकता न बनकर जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान का माध्यम होनी चाहिए। इसी क्रम में थाना प्रभारियों ने हर शिकायत का पंजीकरण कराकर उसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की बात कही।
जनसुनवाई में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस व्यवस्था से आम जनता को काफी राहत मिल रही है। बिना किसी सिफारिश के सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने और तत्काल सुनवाई होने से विश्वास बढ़ा है। नियमित रूप से आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई से न केवल शिकायतों का निस्तारण हो रहा है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद भी मजबूत हो रहा है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़