नगरायुक्त ने मेला स्थल पर बैठक कर लिया तैयारियों का जायजा गोगा महाड़ी का भी किया निरीक्षण और दिए आवश्यक निर्देश
सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरी ने आज नगर निगम, एसडीए, स्मार्ट सिटी व पुलिस टीम के साथ मेला गुघाल स्थल पर ही तैयारियों को अंतिम रुप देने के लिए विस्तार से विचार विमर्श किया और दो सितंबर तक सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे टैªक से लगे मेला स्थल पर बैरिकेटिंग कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व निगम अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि मेला अवधि में मेला स्थल पर मंगल बाजार नहीं लगेगा।
नगरायुक्त शिपू गिरि आज सुबह मेला गुघाल स्थल के मुख्य द्वार पर अपर नगरायुक्त व अन्य अफसरों के साथ गुघाल स्थल का नक्शा लेकर बैठे और मुख्य द्वार की सज्जा, मोबाइल शौचालयों की स्थिति व संख्या, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई व्यवस्था, झूला स्थल, मेडिकल कैंप तथा एम्बूलेंस व फायर ब्रिग्रेड की गाड़ियों की पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था आदि के सम्बंध में जानकारी ली। अपर नगरायुक्त व मेला प्रभारी प्रदीप कुमार यादव व ड्राफ्ट मैन अरविंद अरोड़ा ने नगरायुक्त को विस्तार से जानकारी दी।
नगरायुक्त ने बाद में अधिकारियों के साथ पूरे मेला स्थल का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने मेला स्थल पर सड़क निर्माण की कार्यदायी एजेंसी एसडीए के अधिकारियों को सड़क व फुटपाथ के गड्ढे़ ठीक कराने, अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा को मेला स्थल पर सड़क व फुटपाथ पर किया गया अतिक्रमण तुरंत हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस थाना स्थल, सिविल डिफेंस शिविर स्थल व नगर निगम कैंप ऑफिस स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कारगिल गेट को भी ठीक कराने के निर्देश दिए।
बाद में नगरायुक्त शिपू गिरी महाड़ी स्थल पहुंचे और वहां तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नवनिर्मित स्वच्छ कुण्ड गोगा महाड़ी का निरीक्षण करते हुए मेले के दौरान उसे बंद रखने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने पुलिस विभाग को एक द्वार से महाड़ी में प्रवेश और दूसरे मार्ग से निकासी का सुझाव दिया। इस दौरान अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव, मुख्य अभियंता निर्माण बी के सिंह, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थ अधिकारी प्रवीण शाह, जीएम स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल, पथ प्रकाश प्रभारी व अधिशासी अभियंता वी बी सिंह, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, सीओ सिटी अशोक सिसौदिया, संक्रामक रोगों की नोडल अधिकारी शिवांका गौड, एसडीए के एई मौ.शमीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे!
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़