राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में इन दिनों चोर लुटेरों के घूमने की जो अफवाह तेजी से चल रही है उसके कारण अंजान लोगों के साथ मारपीट किए जाने की घटनाएं बढ़ गई हैं। अगर आप भी ऐसी किसी घटना का हिस्सा बनने की सोच रहे हैं तो यह सोच अपने दिमाग से बिल्कुल निकाल दीजिए, कहीं ऐसा ना हो की उल्टा आपके खिलाफ ही किसी बेगुनाह को पीटने का मामला दर्ज हो जाए। कुछ ऐसा ही कड़ा संदेश रंगनाथ नगर पुलिस ने आज एक बेगुनाह को पीटने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दिया है।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए रंगनाथ नगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव ने कहा कि गत 11 सितंबर की शाम करीबन 7 बजे पाठक वार्ड से अपनें घर बावली टोला के लिये पैदल जा रहे संदीप कोल पिता राजकुमार कोल उम्र 19 वर्ष के साथ वंशस्वरूप वार्ड के कुछ असमाजिक तत्वो के द्वारा चोर चोर की अफवाह फैलाकर संदीप कोल के साथ मारपीट की गई। जिसके बाद वहा के स्थानीय लोग इकट्ठा हो गये तथा क्षेत्र में अशांति का माहौल निर्मित हो गया था। जिसके बाद थाना रंगनाथनगर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर संदीप कोल को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ करने पर यह बात सामने आई कि संदीप कोल नाम का व्यक्ति पाठक वार्ड अपनी बहन के यहा से लौट रहा था, तभी वंशस्वरूप वार्ड के कुछ लोगो द्वारा संदेह के आधार पर संदीप कोल के साथ गाली गलौच कर मारपीट की गई थी। पुलिस द्वारा मारपीट करने वाले रिंकू ठाकुर, अन्नू सोनखरे,।अमित बर्मन तथा डब्बू सोनखरे के खिलाफ मामला पंजीबध्द करते हुये गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अन्य वरिष्ट अधिकारियो के निर्देशन में क्षेत्र वासियो तथा शहर वासियो से अपील की गई है किसी भी तरह की अफवाह में न आये, तथा यदि कोई भी संदेहास्पद स्थिति बनती है तो भीड़ के द्वारा स्वंय की न्याय प्रणाली को ना अपनाते हुये पुलिस को सर्वप्रथम सूचना देकर अच्छे नागरिक होने का फर्ज निभाये।