दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल कमेटी दुद्धी ने नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने की कार्यवाही को लेकर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी निखिल यादव को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें व्यापारियों की समस्याओं को विस्तार से अवगत कराते हुए प्रशासन से समय सीमा तय करते हुए सहयोगात्मक रवैया अपनाने की मांग की गई है।
कमेटी ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि नगर पंचायत द्वारा बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे, पटरी और नाली पर रखी गुमटियों व दुकानों को हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों छोटे व्यवसायियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। कई व्यापारी ऐसे हैं, जिनके परिवार का भरण-पोषण सड़क किनारे गुमटी व अस्थायी दुकान चलाकर ही होता है। इनके हट जाने से परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच रहे हैं।
व्यापार मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि व्यापारियों के छज्जा, करकट व गुमटियों को हटाने की समयसीमा एक सप्ताह दी जाए ताकि वे स्वयं सहयोगपूर्वक दुकानें हटा सकें। इसके अलावा मंडल ने यह भी कहा कि कई सड़कों पर नालियों का निर्माण न होने से दुकानदार पटरी के सहारे जीने खाने के लिए रोजगार चला रहे हैं। ऐसे में अगर दुकाने जबरन हटाई गईं तो उन्हें भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ेगा।
मंडल ने यह भी उल्लेख किया कि जनवरी 2025 में इस प्रकरण से संबंधित पत्र जिलाधिकारी सोनभद्र सहित मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजा जा चुका था, परंतु उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंडल ने प्रतिलिपि की छायाप्रति भी साथ संलग्न की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि उपजिलाधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पंचायत प्रतिनिधियों और व्यापारियों की एक संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान निकाला जाए ताकि सरकार और व्यापारियों के बीच समन्वय बना रहे।
व्यापार मंडल ने ज्ञापन में सात सूत्री मांग भी प्रशासन को सौंपी है, जिसमें व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायोचित फैसला लेने की अपील की गई है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, सचिव जसवंत सिंह कुशवाहा, संजय जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन को भी एक अलग ज्ञापन सौंपकर इस प्रकरण पर हस्तक्षेप करने और व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए त्वरित निस्तारण करने की मांग रखी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह