नरेश सोनी
हजारीबाग: दुर्गा पूजा के मद्देनज़र, हजारीबाग उपायुक्त के आदेश पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और संचय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देशानुसार बरही थाना क्षेत्र के ग्राम बेला में अवैध महुआ चुलाई शराब की भट्टियों पर छापा मारा गया।छापेमारी के दौरान, पुलिस ने मौके से और आसपास छिपाकर रखा गया लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया। इसके साथ ही, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अवैध चुलाई शराब को भी जब्त किया गया।इस मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान सभी आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के अधिकारी और जवान शामिल थे, जिनमें अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बशीरुद्दीन और एंथोनी बागे, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह और सशस्त्र रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
इस अभियान का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान अवैध शराब के खतरे को रोकना और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।