रोमांचक मुकाबले में आरटीसी टीम ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर जीता मैच
सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन्स सहारनपुर में पुलिस लाइन और आरटीसी की टीम के मध्य 12-12 ओवर का एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेला गया। मैच की शुरुआत बड़े उत्साह और जोश के साथ हुई। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों ने न सिर्फ अपनी खेल प्रतिभा दिखाई बल्कि खेल भावना का भी शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस लाइन की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में बेहतरीन शॉट्स की बदौलत 137 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही तेज रन गति बनाए रखी और दर्शकों को चौके-छक्कों से रोमांचित किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरटीसी की टीम ने भी आत्मविश्वास से भरी पारी खेली। हालांकि बीच में लगातार विकेट गिरने से मैच कड़ा मुकाबला बन गया, लेकिन टीम के बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा। आखिरी ओवर में मैच का रोमांच चरम पर पहुंच गया। जीत के लिए आखिरी गेंद पर 2 रन की जरूरत थी और बल्लेबाज ने चौका जड़कर आरटीसी की टीम को 8 विकेट खोकर 138 रन तक पहुंचा दिया।
आरटीसी की इस रोमांचक जीत पर खिलाड़ियों और दर्शकों ने जोरदार तालियों से मैदान गूंजा दिया। मैच के अंत में खिलाड़ियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना के साथ हाथ मिलाया। रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित यह मैत्रीपूर्ण मुकाबला खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार साबित हुआ, जिसने पुलिसकर्मियों के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द को और मजबूत किया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़