जालोर कलेक्ट्रेट पर 6 दिन से धरने पर बैठे परिजन,
एसपी को सौंपा ज्ञापन। जालोर में एक युवक पर विवाहिता के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी विवाहिता है, लेकिन दूसरे समुदाय के युवक ने डिलीवरी मैन बनकर उसके घर पर आना जाना शुरू किया। इसके बाद खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की। फिर विवाहिता को भगा कर ले गया। शिव सेना (यूबीटी) के जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर परिजनों का धरना प्रदर्शन जारी है। 6 दिनों से परिजन धरने पर बैठे है। मंगलवार को भी विभिन्न हिंदू संगठनों के नेतृत्व में जालोर एसपी को ज्ञापन सौंपा गया और मामले में युवक पर कार्रवाई की मांग की गई। विवाहिता के पिता का आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू समुदाय का बताया। इसके बाद ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी का डिलीवरीमैन बनकर बेटी के घर पर आवाजाही की। इसके बाद विवाहिता बेटी को भगा कर ले गया। मामले में बेटी को वापस लाने के साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है। रूपराज ने बताया- एसपी शेलेन्द्र सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि- मामले को लेकर टीम बना दी हैं। जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विवाहिता ने भी एक वीडियो जारी कर सफाई पेश की है। उसका कहना है कि वो खुद अपनी मर्जी से गई है, जिसमें किसी का कोई दोष नहीं है। हालांकि पुलिस और परिजन वीडियो की सत्यता को लेकर जांच कर रहे हैं।