नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
दारू थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर फ्लैग मार्च निकाला गया
दारू/हजारीबाग: दुर्गा पूजा के पावन अवसर को देखते हुए दारू थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से एक फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च अंचल अधिकारी रामबालक कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद के नेतृत्व में निकाला गया। इसमें दारू पुलिस निरीक्षक के साथ-साथ दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह फ्लैग मार्च मुख्य रूप से दारू प्रखंड के विभिन्न संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा, ताकि लोगों में सुरक्षा का एहसास हो और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके। अधिकारियों ने इस दौरान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जनता के बीच सुरक्षा और शांति का संदेश देना था, जिससे सभी लोग बिना किसी भय के दुर्गा पूजा का आनंद ले सकें।