सफाईकर्मी स्थानांतरण पर रोक एवं मल्देवा–दुद्धी मार्ग की मरम्मत की मांग
दुद्धी सोनभद्र। ग्राम पंचायत मल्देवा की प्रधान सीता जायसवाल ने शनिवार को तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सोनभद्र को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र के माध्यम से उन्होंने पंचायत क्षेत्र से जुड़ी दो प्रमुख जनसमस्याओं ‘सफाईकर्मियों के बार-बार स्थानांतरण तथा मल्देवा–दुद्धी संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति’ पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्राम प्रधान श्रीमती जायसवाल ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के राजस्व ग्राम बैरियाखाड़ी, बराईडाड़ और मल्देवा में सफाईकर्मियों के लगातार स्थानांतरण से स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। नियमित सफाई न होने से गाँवों में गंदगी, दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि सफाईकर्मियों के स्थानांतरण पर रोक लगाई जाए और उनकी स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि गाँवों में स्वच्छता अभियान प्रभावी रूप से संचालित हो सके।
इसके साथ ही, ग्राम प्रधान ने मल्देवा–दुद्धी संपर्क मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण ग्रामीणों, छात्रों, महिलाओं, एम्बुलेंस सेवाओं व अन्य वाहनों को आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है। बरसात के दिनों में यह मार्ग लगभग चलने योग्य नहीं रह जाता, जिससे ग्रामीणों को अत्यधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने जिला प्रशासन से मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की, ताकि आमजन को राहत मिल सके और यातायात सुगम बनाया जा सके।
प्रार्थना पत्र सौंपते समय ग्राम प्रधान श्रीमती सीता जायसवाल के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान निरंजन जायसवाल, पूर्व बीडीसी सदस्य धीरेंद्र कुमार प्रजापति, वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण पांडे, वर्तमान मंडल महामंत्री मनीष कुमार, वार्ड सदस्य शाहिद अहमद, धीराज जायसवाल, सूरज कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उपस्थित नागरिकों ने भी एक स्वर में दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की। ग्राम प्रधान श्रीमती सीता जायसवाल ने कहा कि ये दोनों मुद्दे सीधे जनहित एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिलाधिकारी महोदय इन दोनों विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर ग्रामीणों को राहत प्रदान करेंगे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह