गंगोह बाईपास पर पुलिस-मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना नकुड पुलिस द्वारा ढायकी रोड गंगोह बाईपास पर रूटीन चैकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति बिना नम्बर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। मोटरसाइकिल को मोड़कर बदमाश ग्राम ढायकी की ओर भागे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा किया।
थोड़ी आगे जाकर मोटरसाइकिल आम के बाग में गिर गई और बदमाश ने फिर से फायरिंग की। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान दीपा उर्फ दीपक पुत्र प्रमोद निवासी बहरमऊ थाना नकुड़ के रूप में हुई। उसके कब्जे से 1 तमंचा, 1 जिंदा कारतूस, 1 खोखा और बिना नम्बर प्लेट वाली मोटरसाइकिल बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, दीपा उर्फ दीपक एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध सहारनपुर के विभिन्न थानों में लूट, नकबजनी और गैंगस्टर जैसे करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देशन में जनपदीय पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण, चोरी, लूट, डकैती, नकबजनी और गोकशी जैसी घटनाओं की रोकथाम में तत्पर है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़