India TV buro chief Rajesh Maurya
राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदनी ने तमकुहीराज कस्बा स्थित सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान फाॅर्मासिस्ट की कुर्सी खाली मिली। नेत्र परीक्षण अधिकारी के कक्ष में इलाज के दौरान एक मरीज से प्राइवेट दवा मंगाई गई थी। इसकी जानकारी के बाद नेत्र परीक्षण अधिकारी पर बिफर पड़ीं और दवा आदि की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
जच्चा-बच्चा केंद्र में भोजन का चार्ट नहीं मिलने पर भी नाराजगी जाहिर की। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने समूचे सीएचसी परिसर के निरीक्षण के बाद व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। सीएचसी के नेत्र विभाग में इलाज के लिए आने वाले में मरीजों को बाहर की दवा लिखी जा रही है। इसका खुलासा निरीक्षण में हुआ।
तरया सुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ निवासी राजेश लाल अपनी पत्नी आरती देवी 54 के आंखों का इलाज कराने सीएचसी तमकुहीराज आए थे। नेत्र परीक्षण अधिकारी विजयपाल सिंह ने दवा बाहर से मंगाया। इसी दौरान अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची राज्य महिला आयोग की सदस्य नेत्र परीक्षण कक्ष में दाखिल हो गईं। मरीज के हाथ में एक मेडिकल स्टोर की दवा देखकर बिफर पड़ीं। इस दौरान नेत्र परीक्षण अधिकारी पर नाराजगी जाहिर करते हुए फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डॉ. विकास यादव ने महिला सहायक के नियुक्ति की मांग की। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु कुमार, डॉ. दिग्विजय राय आदि मौजूद रहे।