मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पी. नरहरि ने कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत किये जा रहे कार्याें की संभागीय स्तरीय समीक्षा की।
संवादाता विकास विश्वकर्मा शहडोल
प्रमुख सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। जिसका संचालन भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के समन्वय से किया जाता है।
मिशन का उद्देश्य एकल एवं सामूहिक नल जल योजनाओं के माध्यम से शत-प्रतिशत घरों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियो को निर्देष दिए कि 15 दिसम्बर 2025 तक हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य शत-प्रतिषत लक्ष्य पूर्ण कराएं।
प्रमुख सचिव लो.स्वा.यां. पी नरहरि ने निर्देश दिए कि जो नल जल योजनाएं पूरी हो गई हैं तथा तीन महीने का ट्रायल एण्ड रन पूर्ण हो चुकी है उन योजनाओं को उत्सव के साथ जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम पंचायतों को हैण्ड ओव्हर करने के कार्यवाही की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन नल जल योजनाओं में गुणवत्ता की कमी पाई जाए उन्हें संबंधित ठेकेदार के माध्यम से ठीक कराएं। कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत नियमित रूप से एकल एवं सामूहिक नल जल योजनाओं की नियमित मानीटरिंग करें, संबंधित अधिकारियों को साप्ताहिक एवं पाक्षिक लक्ष्य देकर समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराएं। जिन नल जल योजनाओं के प्रगति की गति धीमी है। उन योजनाओं के ठेकेदारों की बैठक लेकर उन्हें समय पर कार्य पूरा करने के लिए सचेत किया जाए। साथ ही काम नहीं करने वाले ठेकेदारों के कार्य निरस्त कर ब्लैकलिस्टेड करने की भी कार्यवाही की जाए।
सीईओ जनपद पंचायत तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के मैदानी अमले का भी सहयोग लिया जाए। आपने निर्देश दिए कि नल जल योजनाओं के संचालन के लिए योजनावार 2-2 पम्प ऑपरेटरों का चयन कर प्रशिक्षण दिया जाए।
अनूपपुर जिले में पम्प आपरेटरों के प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि पम्प ऑपरेटर नल जल योजनाओं के केन्द्र बिन्दु हैं। प्रशिक्षित पम्प ऑपरेटर निश्चित समय पर पेयजल आपूर्ति तथा मानीटरिंग का कार्य सम्पादित करेंगे तो आमजन पर इसका सकारात्मक प्रभाव होगा। पम्प ऑपरेटरों को निश्चित मानदेय भी ग्राम पंचायतों के माध्यम से दिलाया जाए।
जिन ग्रामों में नल जल योजनाएं बनाई गई हैं वहां रेस्टोरेशन की भी कार्यवाही की जाए। जनजातीय बाहुल्य ग्रामों के जो टोले मजरे छूटे हों वहां पीएम जनमन, धरती आबा कार्यक्रम से तथा समान्य क्षेत्रों में डीएमएफ एवं सीएसआर फंड से संबंधित कलेक्टर योजना स्वीकृत कर घर-घर नल से जल आपूर्ति की व्यवस्था कराएं। सीईओ जिला पंचायत जल कर वसूली की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर कराएं।
इंजीनियर इन चीफ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने कहा कि जिन ग्रामों में एकल नल जल योजनाओं से घर-घर जल दिया जा रहा है, उन योजनाओं का ग्राम सभा के माध्यम से प्रमाणीकरण किया जना है। उपयंत्री योजना की जानकारी ग्राम सभा में देकर ग्राम सभा महोत्सव का आयोजन कर इन योजनाओं के हस्तांतरण की कार्यवाही कराएं। बैठक मेें संभाग के तीनों जिलों की एकल एवं सामूहिक नल जल योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता, कलेक्टर कलेक्टर शहडोल डॉ. केदार सिंह, कलेक्टर उमरिया धरणेन्द्र कुमार जैन, कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालना अधिकारी जिला पंचायत शहडोल शिवम प्रजापति, उमरिया अभय सिंह, अनूपपुर अर्चना कुमारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।