बाबा सुरेंद्र पंथी ने दिखाया मंत्र शक्ति का चमत्कार, नेता विपक्ष लाल बिहारी यादव रहे मुख्य अतिथि
दुद्धी सोनभद्र। गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय श्री रामलीला मैदान पर आयोजित 15वें गोवर्धन पूजा महोत्सव में आस्था और जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। गाजीपुर से पधारे बाबा सुरेंद्र पंथी ने सूखे उपलों में मंत्रोच्चार से अग्नि प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं को चकित कर दिया। उन्होंने खौलते दूध से स्नान कर वर्ष 2026 को शुभ और वर्षा से परिपूर्ण बताया। बाबा के इस चमत्कारिक प्रदर्शन को देखने हजारों लोग उमड़ पड़े।
बाबा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा कर इंद्र के अहंकार को तोड़ा था। यह पूजा हमें प्रकृति, विनम्रता और संतुलन का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि जिस दूध को वे उबालते हैं, वह शरीर पर डालते ही ठंडा हो जाता है यही इस पूजा की अलौकिक शक्ति है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता विपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति पूजन और सामाजिक एकजुटता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जैसे श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड तोड़ा, वैसे ही अहंकार में डूबी सरकारों का भी अंत निश्चित है।
विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि यह पर्व सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आधी रोटी खाइए, मगर बच्चों को अवश्य पढ़ाइए।
समारोह में जिले में टॉप करने वाले छात्र को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया। पूजा से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और बालिकाएं प्राचीन शिवाजी तालाब से जल भरकर पूजा स्थल तक पहुंचीं।
टीसीडी मैदान में बाबा के साथ पहुंचे गाजीपुर के पहलवानों ने ऐसे करतब दिखाए जिन्हें देखकर दर्शक दंग रह गए। किसी ने छलांग लगाकर टेंट से ऊपर लगी रस्सी को छू लिया, तो किसी ने तीन पहलवानों को बाहों में पकड़कर मैदान का चक्कर लगाया। करतब देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
इससे पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश यादव की अगुवाई में युवाओं की टोली बाइक रैली निकालते हुए श्री रामलीला मैदान पहुंची। युवाओं की इस ऊर्जावान सहभागिता ने कार्यक्रम के माहौल में जोश और उल्लास भर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यनारायण यादव ने किया। इस अवसर पर अवधनारायण यादव, दिनेश यादव, प्रेमचंद यादव, प्रभु सिंह कुशवाहा, बुद्धिनारायण यादव, कुलभूषण पांडेय, रामेश्वर राय और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह व एसआई श्यामजी यादव पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह