ड्यूटी पर लगे अधिकारियों/कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
जनपद गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत खैरा भवानी मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। महोदय ने पूजा-अर्चना हेतु आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुरुष एवं महिला पुलिस बल की सतर्कता का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना के दौरान किसी भी श्रद्धालु, विशेष रूप से महिलाओं को असुविधा न हो, इसके लिए सभी कर्मी सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें ताकि किसी प्रकार की घटना या दुर्घटना न घटित हो। महोदय ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का भी निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। छठ पर्व के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूर्णतः अलर्ट मोड पर है और पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सादे वस्त्रों में महिला/पुरुष पुलिस कर्मियों के साथ-साथ एंटी रोमियो टीमों को भी तैनात किया गया है। साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई एवं अन्य अभिसूचना तंत्रों के माध्यम से असामाजिक, अवांछनीय एवं साम्प्रदायिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया सेल द्वारा भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स – ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप आदि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से ड्रोन कैमरे की मदद से खैरा भवानी मंदिर परिसर, घाट क्षेत्र एवं आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनंद कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर श्री विवेक त्रिवेदी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
💐इंडियन टीवी न्यूज़ 💐
दिनेश श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, देवीपाटन मंडल
जनपदगोंडा,