दुद्धी सोनभद्र। तहसील क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन दुद्धी तहसीलदार को सौंपा।
जुबेर आलम ने बताया कि दुद्धी अति पिछड़ा, दलित एवं आदिवासी बहुल इलाका है, जहां के लोग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित कानून-व्यवस्था से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अतिवृष्टि और आपदाओं के चलते धान, आलू सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान पलायन की कगार पर हैं। किसानों को त्वरित मुआवजा देने की मांग की गई।
ग्रामीणों ने धारा-20 के तहत वनभूमि पर बसे मूल निवासियों और आदिवासियों को बेदखली एवं उत्पीड़न से बचाने की अपील की। कनहर अमवार परियोजना से विस्थापित परिवारों को मुआवजा देने और नहर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में विद्युत व्यवस्था सुधारने, निजीकरण पर रोक लगाने तथा दुद्धी में 132 केवीए सबस्टेशन स्थापित करने की मांग की गई। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में सुविधा शुल्क के नाम पर हो रहे शोषण को रोकने तथा आवासीय भूमि की अनियमित रजिस्ट्रियों पर नियंत्रण की बात कही गई।
परिवहन व्यवस्था को लेकर त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्थान पर दूसरी ट्रेन के संचालन, राजधानी और स्वर्णजयंती एक्सप्रेस का दुद्धी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने और गेट नंबर 63 पर अंडरपास की जगह ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई गई।
स्वास्थ्य सेवाओं की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा गया कि दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर और बभनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की भारी कमी है। ग्रामीणों ने लैब, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं तत्काल स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शासन-प्रशासन ने इन जनहित मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासी आंदोलन को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर सुमेर सिंह गोंड, अमृतलाल, अभिनव जायसवाल, गोपाल यादव, अमर सिंह, आशीष गुप्ता, रामविलास, सूरज सिंह, जीत सिंह और रूपनारायण सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह