लदुद्धी सोनभद्र। विधानसभा स्तरीय राष्ट्रीय एकता यात्रा कल, 11 नवंबर दिन मंगलवार को प्रातः 10 बजे दुद्धी के रामलीला (टीसीडी) मैदान से प्रारंभ होकर महुली खेल मैदान तक पहुंचेगी। पहले यह यात्रा कृषि मंडी परिसर से निकलनी थी, किंतु व्यवस्थागत कारणों से अब इसका प्रारंभिक स्थल परिवर्तित कर रामलीला मैदान तय किया गया है।
इस यात्रा में पूरे दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से लगभग पांच हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम संयोजक दिलीप पांडेय ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में राष्ट्रीय एकता यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दुद्धी क्षेत्र में यह यात्रा करीब छह किलोमीटर लंबी निकाली जाएगी।
सरकार द्वारा सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में ऐतिहासिक रूप देने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस आयोजन में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों की भी सहभागिता रहेगी। संयोजक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह