हरदोई। भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवर्तमान विधान परिषद सदस्य एवं प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने शिक्षक मतदाताओं और विधानसभा प्रभारियों से संवाद कर अपनी उपलब्धियां गिनाईं तथा मतदान की अपील की।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा और विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षक समाज को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
बैठक का संचालन जिला संयोजक संदीप सिंह ने किया। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
