दुद्धी सोनभद्र। क्षेत्र के प्रतिष्ठित मीडिया कर्मी, कवि, समाजसेवी और पर्यावरण चिंतक मुहम्मद इसहाक खान को भारतीय दलित साहित्य अकादमी की ओर से बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय फेलोशिप 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें दलित-आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण के लिए उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।
सम्मान समारोह 12 व 13 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होगा उसमें इस सम्मान से नवाजा जाएगा। दलित और पिछड़े पूर्वांचल क्षेत्र से चयनित मुहम्मद इसहाक खान को “ग्राम गौरव संस्कृति संस्कारी समूह ट्रस्ट” के माध्यम से सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और समाज के वंचित वर्गों के लिए उनके समर्पित प्रयासों के कारण यह सम्मान दिया जा रहा है।
डॉ. लवकुश प्रजापति समेत क्षेत्र के कई वरिष्ठ चिकित्सक और समाजसेवी इस चयन में सम्मान के लिए उनका समर्थन किए। मुहम्मद इसहाक खान ने कहा कि मीडिया में नौकरी के दौरान और अवकाश के समय गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें जनता से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने अपनी इच्छा जताई कि डैनी पहाड़ी प्राकृतिक पर्यटन स्थल बने, कनहर बांध की नदियाँ सदा स्वच्छ और जीवंत रहें, और नगर में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रहे।
उन्होंने इस सम्मान को अपने परिवार, मार्गदर्शकों, सहयोगियों और क्षेत्र के समाजसेवकों की साझा जीत बताया। खान ने भारतीय दलित साहित्य अकादमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक निष्ठा व उत्साह के साथ समाजसेवा, राष्ट्र सेवा और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय रहने की प्रेरणा देगा।
यह सम्मान दुद्धी क्षेत्र की साहित्यिक उन्नति और सामाजिक प्रतिबद्धता की एक बड़ी उपलब्धि है, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इस सम्मान के लिए स्थानीय पत्रकारों ने भी प्रसन्नता व्यक्त किया है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह