जिला उन्नाव औरास थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव में पांच दिन पहले चोरी हुए ट्रांसफार्मर को मंगलवार दोपहर बदल दिया गया। इससे लगभग 100 से 150 बिजली कनेक्शन धारकों को राहत मिली है। जेई रामू लोधी ने बताया कि मंगलवार शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
दरअसल, इनायतपुर गांव में राजकीय इंटर कॉलेज के पास लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर कुछ दिन पहले अज्ञात चोरों ने चुरा लिया था। चोर ट्रांसफार्मर से तांबे का तार और तेल निकालकर ले गए थे। इस संबंध में जेई रामू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद से गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इससे करीब 100 से 150 कनेक्शन धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बिजली न होने से सबसे ज्यादा दिक्कतें पढ़ाई करने वाले बच्चों को हो रही थीं।दैनिक भास्कर ने सोमवार को “5 दिन बाद भी नहीं रखा गया ट्रांसफार्मर, डेढ़ सौ कनेक्शन धारक विद्युत आपूर्ति से वंचित” शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। मंगलवार दोपहर को जेई रामू लोधी के निर्देशन में इनायतपुर गांव में जेसीबी की मदद से नया 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। अब स्थानीय लोगों को विद्युत समस्या से छुटकारा मिलेगा।
इंडियन टीवी न्यूज़ अमन सिंह जिला रिपोर्टर