नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद की सक्रियता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने एक ही दिन में संगठन, शिक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मोर्चों पर कड़ा रुख अख्तियार किया।
संगठनात्मक मजबूती: कटकमसांडी में भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
हजारीबाग: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कटकमसांडी पूर्वी मंडल में भाजपा परिवार के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा और अन्य पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया। विधायक ने स्पष्ट किया कि बूथ स्तर पर सक्रियता और संवाद ही संगठन की असली ताकत है। बैठक में आगामी योजनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रमुख उपस्थिति: विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, जिला परिषद सदस्य मंजू नंदनी, मनीष ठाकुर, वरिष्ठ नेता रामकुमार मेहता, मनोहर सिंह, अशोक राणा सहित दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिक्षा एवं सुरक्षा: कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी की मांग
जिले में बढ़ती शीतलहरी और घने कोहरे को देखते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने हजारीबाग उपायुक्त (DC) से फोन पर वार्ता कर स्कूलों में तत्काल अवकाश घोषित करने का आग्रह किया।
“भीषण ठंड में छोटे बच्चों का सुबह स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है। सर्दी-खांसी और बुखार जैसे खतरे बढ़ रहे हैं, ऐसे में प्रशासन को एहतियातन छुट्टी का निर्णय लेना चाहिए।” — प्रदीप प्रसाद, विधायक
उपायुक्त ने इस मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। साथ ही विधायक ने अभिभावकों से बच्चों का विशेष ख्याल रखने की अपील की है।
जनस्वास्थ्य पर प्रहार: छड़वा डैम पेयजल स्टोर में मिली गंदगी, विधायक ने लगाई फटकार
शहरवासियों को मिल रहे दूषित पानी की शिकायतों के बीच विधायक प्रदीप प्रसाद ने रविवार को छड़वा डैम स्थित मुख्य पेयजल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। वहां की स्थिति देखकर विधायक दंग रह गए।
निरीक्षण में मिली बड़ी खामियां:
पेयजल स्टोर में गंदगी और काई का अंबार।
ब्लीचिंग पाउडर और शुद्धिकरण की प्रक्रिया नदारद।
परिसर के रख-रखाव में विभाग की घोर लापरवाही।
कड़ी चेतावनी: विधायक ने नगर निगम आयुक्त और विभागीय अधिकारियों को तत्काल सफाई और नियमित ब्लीचिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।