दुद्धी सोनभद्र। मकर संक्रांति मेले की धूम में दोहरी खुशी के बीच दुद्धी कोतवाली और विंढमगंज थाना क्षेत्र में दो बाइक दुर्घटनाओं ने मातम मचा दिया। मेले से लौटते समय हुई इन आमने-सामने और ठेले से टक्कर में चार लोग जख्मी हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है ।पहली घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर पुरानी बेरियर के पास रंजीत कुमार (55) पुत्र स्व. दशरथ प्रसाद अपनी पत्नी सुशीला देवी (45) और पुत्र कुबेर (10) के साथ बाइक पर कस्बा दुद्धी वार्ड नंबर 11 लौट रहे थे। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार बाइक पर सवार सकल देव (लगभग 35) निवासी घोरपा थाना विंढमगंज से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने सकल देव को नशे में धुत बताया। रंजीत, सुशीला और कुबेर को निजी साधन से तथा पीआरडी पुलिस की मदद से सकल देव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि के नेतृत्व में उनका इलाज जारी है।
दूसरी दुर्घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीरचक पेट्रोल पंप के पास शाम करीब साढ़े सात बजे धीरज (25) पुत्र विनोद सोहर निवासी घूमा मेले की ओर बाइक से आ रहे थे। मेला सामान लादे घर लौट रहे ठेले से उनकी टक्कर हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल धीरज को सीएचसी दुद्धी भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों ने मेले के दौरान बढ़ते ट्रैफिक और नशे के सेवन पर चिंता जताई है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)