✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण हों निर्माण कार्य- कलेक्टर,कलेक्टर आशीष तिवारी ने निर्माण व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने विकास एवं निर्माण विभागों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्यों का कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर पीएचई, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सड़क योजनाओं एवं जिला योजना समिति, पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना आदि विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहें थे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके मौजूद रहें। बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता को सभी पूर्ण नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने का कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दियें। साथ ही कार्य में रूचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों के विरूद्ध अनुबंध निरस्त करने और उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने की हिदायत दी।कलेक्टर द्वारा पिछली बैठक में दिये गये निर्देश के बाद अब तक मेसर्स शिवम इंजीनियरिंग एवं मेसर्स एन.पी.एस कन्स्ट्रक्शन के अनुबंध को जल जीवन मिशन के निर्माण कार्यों में लापरवाही एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न करने के कारण निरस्त किया गया है। इसके अलावा मेसर्स नेटलिंक सॉफ्टवेयर कम्पनी को कार्य में लापरवाही बरतने एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण न करने हेतु अनबंध निरस्त करने का प्रस्ताव बना कर वरिष्ठ कार्यालय को स्वीकृति हेतु भेजा गया है।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान मे जल जीवन मिशन अंतर्गत कुल 683 योजनाएं स्वीकृत है, जिसमें 442 योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका हैं। 215 योजनाओं का कार्य प्रगतिरत हैं। जल जीवन मिशन अंतर्गत 412 पूर्ण योजनाओं में से 311 योजनाओं को हर घर जल रिपोर्टेड, 209 योजनाओं को हर घर जल सर्टिफाईड एवं 312 योजनाओं को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जा चुका है।बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के कार्यपालन यंत्री को विभाग अंतर्गत जो भी निर्माण कार्य प्रगति पर है, उनको शीघ्र पूर्ण कर हस्तांतरित किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही जल निगम को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को रिव्यू कर शीघ्र उसकी जांच हेतु निर्देशित किया। बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा अवगत कराया गया कि विभाग के अंतर्गत चल रहे 10 कार्यों में से सिर्फ 4 कार्य ही पूर्ण किये गये हैं। 3 विभागीय एवं 3 कार्य जिला खनिज प्रतिष्ठान के अंतर्गत चल रहे है। जिस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही जिन ठेकेदारों द्वारा कार्य में विलम्ब किया जा रहा है या कार्य नहीं किया जा रहा हैं, उनके विरूद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्यवाही करते हुये अनुबंध को काली सूची में डालने की कार्यवाही करने और सम्बन्धित अधिकारी को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने हेतु आदेशित किया।
समीक्षा के दौरान नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाये जाने पर कलेक्टर ने कार्यों के निर्माण की प्रगति बढ़ाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जिला अस्पताल में चल रहे कार्यों के पूर्ण करने मे विलम्ब होने पर नाराजगी जाहिर करते हुये भवन विकास निगम के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने लोक निर्माण विभाग 2025-26 के बजट में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने एवं गुणवत्ता पूर्वक समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कार्यपालन यंत्री पी.आई. यू. को 90-95 प्रतिशत अपूर्ण कार्यों को आगामी 1-2 माह में पूर्ण किये जाने हेतु आदेशित किया। इसी प्रकार पी.डब्लू.डी. सेतु विभाग को आदर्श कालोनी में चल रहे ब्रिज निर्माण को अगले 1 माह के अंदर पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।।