भगवा ध्वज, जयघोष और धार्मिक उल्लास के बीच अमरैया पार हनुमान मंदिर में हुआ समापन
कैमोर हिंदू संगम आयोजन की श्रृंखला के अंतर्गत आज दिनांक 24 जनवरी शाम 5 बजे कैमोर नगर में भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया,जिसमें सैकड़ों की संख्या में हिंदू सनातनी युवाओं, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। रैली के दौरान संपूर्ण नगर भगवा ध्वजों, धार्मिक नारों और सनातन चेतना से सराबोर दिखाई दिया।
यह बाइक रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपूर्ण नगर भ्रमण पर निकली,जहां रैली में शामिल प्रतिभागी ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ एवं ‘जय बजरंगबली’ के गगनभेदी जयघोष के साथ सनातन संस्कृति और हिंदू एकता का संदेश देते हुए आगे बढ़ते रहे। रैली को देखने के लिए मार्गों पर बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया।
भव्य बाइक रैली का समापन अमरैया पार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हुआ, जहां सामूहिक दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर आयोजन का विधिवत समापन किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित के प्रति एकजुट रहने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस बाइक रैली का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सनातन परंपराओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा आगामी हिंदू संगम कार्यक्रमों के लिए जनसमर्थन तैयार करना है। रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि सनातन संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी में भी गहरी आस्था और समर्पण बना हुआ है।
नगरवासियों ने इस आयोजन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और प्रेरणादायक बताया तथा आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता के साथ सुनील सिंगोते-