फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। नशे के कारोबार पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने एक बार फिर करारा वार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने रहपुरा अंडरपास के नीचे से दो युवकों को 65 ग्राम अवैध स्मैक के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार 23 जनवरी 2026 को थाना फतेहगंज पश्चिमी की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रहपुरा अंडरपास के नीचे दो युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अनूप सिंह एवं उप निरीक्षक गंगाधर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
अमन रस्तोगी (22 वर्ष) पुत्र रमेश चन्द्र, निवासी रहपुरा रोड, थाना फतेहगंज पश्चिमी तथा
मो0 शोहराव (19 वर्ष) पुत्र नशीर अहमद, निवासी मोहल्ला रिछा मेला थाना देवरनिया, हाल निवासी वार्ड संख्या 14 फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अमन रस्तोगी के कब्जे से 23 ग्राम और मो0 शोहराव के पास से 42 ग्राम स्मैक, कुल 65 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पूछताछ में खुले नशे के कई राज
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे स्मैक चलते-फिरते अज्ञात सप्लायरों से सस्ते दामों पर खरीदते थे और फिर उसे ट्रक व टैम्पू चालकों को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। आरोपियों ने नशे के नेटवर्क से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी दी हैं, जिन पर पुलिस गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस की सतर्कता से टूटा नशे का नेटवर्क
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक गंगाधर, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार एवं हेड कांस्टेबल विक्की सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली