समस्तीपुर। जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बोरे में रखा पुराना राइफल मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राइफल को जब्त कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, परना चौक से बघला जाने वाली मुख्य सड़क पर श्रीनाथ पारन स्थित डगराहा पुल के पास एक व्यक्ति की नजर सड़क किनारे गड्ढे में रखे बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर उसने बोरे को देखा तो उसके अंदर राइफल दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर चकमेहसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल हथियार वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस जांच के बाद ही राइफल की स्थिति, उसे वहां रखने वाले व्यक्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि या आगे की कार्रवाई का विवरण मिलने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।