फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। नशे के सौदागरों के लिए फतेहगंज पश्चिमी पुलिस अब काल बनकर टूट रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के सख्त निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक शातिर अफीम तस्कर को 550 ग्राम अवैध अफीम के साथ रंगे हाथ धर दबोचा। यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम गश्त पर थी। तभी मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना ने पुलिस को रूकमपुर यात्रीशेड तक पहुंचा दिया। पुलिस ने जैसे ही घेराबंदी की, वहां खड़ा व्यक्ति भागने की फिराक में दिखा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि मौर्य (32 वर्ष) पुत्र स्व. सोहनलाल, निवासी कस्बा देवचरा थाना भमोरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में 550 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई, जिसे वह बेचने की तैयारी में था।
पूछताछ में उगले नशे के राज
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह अवैध अफीम उसे उसके ही गांव का व्यक्ति रामू सागर मोहल्ला कालीबाड़ी, देवचरा उपलब्ध कराता था। आरोपी ने कबूल किया कि वह अफीम बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था और उसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था।
पुलिस अब इस नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुट गई है, वहीं फरार आरोपी रामू सागर की तलाश में दबिशें तेज कर दी गई हैं।
पुराना अपराधी निकला तस्कर
गिरफ्तार रवि मौर्य कोई नया नाम नहीं है। इससे पहले भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत गंभीर मुकदमे दर्ज रह चुके हैं, जिससे साफ है कि वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था।
पुलिस टीम की मुस्तैदी ने दिलाई बड़ी कामयाबी
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंहशामिल रहे। क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है।
पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों पर और भी कड़ा शिकंजा कसा जाएगा।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली