बरेली।गणतंत्र दिवस-2026 के भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, बरेली स्थित परेड ग्राउंड पर रैतिक परेड का ग्रैंड रिहर्सल पूर्ण गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने परेड की सलामी ली, हर्ष फायरिंग कराई तथा परेड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी बरेली ने परेड की एकरूपता, अनुशासन और समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर अनुशासित प्रदर्शन पुलिस बल की पेशेवर दक्षता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने परेड को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक सुझाव भी दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
ग्रैंड रिहर्सल के उपरांत एसएसपी बरेली द्वारा जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर पुलिसकर्मियों के चेहरों पर उत्साह और गर्व स्पष्ट दिखाई दिया।
सम्मानित होने वालों में विभिन्न थानों, चौकियों एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई में तैनात उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, महिला पुलिसकर्मी एवं आरक्षी शामिल रहे, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया।
पुलिस पारिवारिक परामर्श केंद्र के सदस्यों का भी सम्मान
इसके अतिरिक्त पुलिस पारिवारिक परामर्श केंद्र, थाना आंवला के अध्यक्ष एवं सदस्यों को भी उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज में पुलिस और आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाने वालों के प्रति आभार का प्रतीक रहा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों का अभ्यास
सम्मान समारोह के पश्चात गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का अभ्यास एवं प्रदर्शन कराया गया, जिससे अंतिम तैयारियों को परखा जा सके।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री जगदीश सिंह पाटनी (सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक) एवं डॉ. वन्दना शर्मा (चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज) द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक यातायात, समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन की यह रिहर्सल न सिर्फ अनुशासन का प्रतीक रही, बल्कि आने वाले मुख्य समारोह की भव्यता का संकेत भी देती नजर आई।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली