दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स अकादमी दुद्धी को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्टांप एवं पंजीकरण मंत्री व सोनभद्र प्रभारी रविंद्र जायसवाल ने शिरकत की, जबकि जिलाधिकारी बीएन सिंह ने अध्यक्षता की। पूरे जनपद से हजारों लोग पहुंचे। सर्वप्रथम लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक के उद्बोधन सुने गए। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम शुरू हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों व आदिवासी कर्मा नृत्य के बीच मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ व सोनभद्र को ‘उत्तम जिला’ बताया। जिला प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों के योगदानियों को सम्मानित किया, जिसमें खेल के क्षेत्र में अकादमी को एकमात्र पुरस्कार मिला। अकादमी अध्यक्ष एडवोकेट शिव शंकर प्रसाद ने पुरस्कार ग्रहण किया।
ज्ञात हो, 13 जनवरी को अकादमी की नौ महिला फुटबॉल खिलाड़ी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के स्टेट ट्रायल के लिए चयनित हुईं। अध्यक्ष के नेतृत्व में वाराणसी के लालपुर स्टेडियम पहुंची ये खिलाड़ी प्रथम ट्रायल में सफल रहीं और खेल निदेशालय में नामित हो गईं। जिला क्रीड़ा अधिकारी अहमद का विशेष योगदान रहा। दुद्धी व सोनभद्र के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)