कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में आज सोमवार को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया। नगर पंचायत कार्यालय सहित सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, पार्टी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण हुआ। विभिन्न विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
77 वें गणतंत्र दिवस पर सुबह साढ़े आठ बजे कस्बे के विभिन्न विद्यालयों से नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक झांकियों के साथ प्रभात फेरी निकाली। भारत माता, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, लाल बहादुर शास्त्री व पंडित जवाहर लाल नेहरू की झांकियां प्रमुख रहीं। बच्चों ने महापुरुषों के नाम का उद्घोष करते हुए देशभक्ति का जोरदार प्रदर्शन किया।
महावीर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में प्रबंधक डॉ. ओमकार नाथ, त्रिभुवन फील्ड समीप स्थित प्रसाद कुंवर विद्यालय में डॉ. लवकुश प्रजापति, सोनांचल इंटर कॉलेज में प्रबंधक रामेश्वर श्रीवास्तव, राजकीय पीजी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. राम सेवक यादव, डीएलसी पब्लिक स्कूल में प्रबंधक श्रवण कुमार ने झंडा फहराया। तहसील पर उप जिलाधिकारी निखिल यादव, कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, ब्लॉक में प्रमुख रंजना चौधरी व राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अजय सिंह ने ध्वजारोहण किया। दुद्धी बार एसोसिएशन में अध्यक्ष प्रेमचंद यादव व सिविल बार संघ के अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा ने बार संघ कार्यालय पर झंडा फहराया।
प्रभात फेरी मुख्य मार्ग म्योरपुर रोड तिराहा, संकटमोचन मंदिर, अमवार रोड व काली मंदिर तिराहे से गुजरकर समाप्त हुई। इसके बाद विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। मिष्ठान वितरण भी किया गया। सोनांचल इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, डीपीएस पब्लिक स्कूल व अन्य संस्थानों से भी फेरी निकली। सुरक्षा व्यवस्था में स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे।
सोनभद्र/दुद्धी( विवेक सिंह)