सोनभद्र /दुद्धी (विवेक सिंह)।
#EmploymentForYouth कैंपेन 31 को, एक करोड़ रिक्त पद भरने की मांग रोजगार अधिकार अभियान की राष्ट्रीय संचालन समिति की वर्चुअल बैठक में 31 जनवरी को सुबह 11 बजे से एक्स पर #EmploymentForYouth कैंपेन चलाने का फैसला हुआ। इसमें केंद्र सरकार से मांग की जाएगी कि एक फरवरी को पेश होने वाले बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार को संवैधानिक अधिकार की गारंटी दी जाए। देश में रिक्त एक करोड़ पद तत्काल भरे जाएं और सुपर रिच की संपत्ति पर टैक्स लगाकर संसाधन जुटाए जाएं।
अभियान के प्रेस बयान में कहा गया कि देश में असमानता चरम पर है। पूंजी बड़े कॉरपोरेट घरानों के हाथों में केंद्रित हो रही है, जबकि अधिकांश आबादी आजीविका के संकट से जूझ रही है। रोजगार सृजन के दावे खोखले हैं। कौशल विकास योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई, जैसा कैग रिपोर्ट में उजागर हुआ। पीएम इंटर्नशिप योजना भी नाकाम रही। केंद्र के विभागों में रिक्त पद जस के तस हैं। बजट में केंद्रीय व राज्य स्तर पर भर्ती का खाका पेश करने की मांग उठी।
बैठक में श्रम कानूनों को खत्म कर लाए मजदूर विरोधी लेबर कोड पर चिंता जताई गई। फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट, फ्लोर लेवल वेज व 12 घंटे काम जैसे प्रावधानों से आधुनिक गुलामी थोपने का आरोप लगाया गया। बेरोजगारी मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए दिल्ली में सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी चर्चा में रहा।
बैठक में नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश सचान, आकाश यादव, सुरेंद्र पांडेय, बादल सिंह, सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, जयप्रकाश यादव, ईशान गोयल, दीपक अरोड़ा, इंजी. आरबी पटेल, अर्जुन प्रसाद, राहुल कुमार, आलोक राय, संदीप निराला, गुंजा गोंड, अभिषेक मिश्रा, हर्शल व सुगवंती गोंड आदि ने विचार रखे।