सहारनपुर अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। महासभा की जिलाध्यक्ष पूनम शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षों से पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण व मातृ-शिशु देखभाल जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा व सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल सकी है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा, वेतनमान, पेंशन, ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने, समयबद्ध पदोन्नति, पोषण ट्रैकर के लिए 5G मोबाइल व डाटा भत्ता, ₹1500 प्रोत्साहन राशि को मानदेय में शामिल करने, किराये के भवनों का उचित भुगतान, 365 दिन गुणवत्तायुक्त पोषाहार व्यवस्था, अन्य विभागों के कार्यों से मुक्ति तथा उत्पीड़न पर रोक जैसी मांगें रखी गईं। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो अप्रैल 2026 से पोषण ट्रैकर सहित समस्त ऑनलाइन कार्य पूर्णतः बंद कर दिए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर संगठन की अनेक पदाधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़