कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ारी में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक के बैंक खाते से जालसाजों ने Easebuzz Pvt. Ltd. के माध्यम से लाखों रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
ग्राम बड़ारी निवासी योगेश दीक्षित (29 वर्ष), पिता भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित ने कैमोर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार 17 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11:09 बजे उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी और बेईमानीपूर्वक कुल 2 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाने और समस्या सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः 3 फरवरी 2026 की शाम उन्होंने थाने पहुंचकर मामले की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
कैमोर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 37/26 दर्ज किया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) BNS (धोखाधड़ी व संपत्ति का बेईमानी से गबन) एवं धारा 420 IPC (छलपूर्वक संपत्ति प्राप्त करना) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
छोटी चौकियों में साइबर कार्यालय की जरूरत इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में साइबर अपराधों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जानकारों का मानना है कि अब समय आ गया है जब छोटे थानों और पुलिस चौकियों में भी साइबर अपराधों के लिए अलग कार्यालय और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति की जाए।
ऐसी व्यवस्था होने से पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सकेगी और साइबर ठगों पर तेजी से कार्रवाई संभव हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन या कॉल की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।