उरई(जालौन):
परिवहन आयुक्त महोदय, उत्तर प्रदेश के पत्र दिनाँक 15 सितम्बर 2023 के अनुपालन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन, उरई में ‘‘जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति’’ की बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिलाधिकारी महोदय द्वारा पूर्व में की गयी बैठक के बिन्दुओं पर प्रकाश डाला गया। इसके उपरान्त जिन विद्यालयों की समितियाँ गठित हो गयीं हैं उनको शासनादेश के अनुसार प्रत्येक त्रैमास में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये गये एवं जिन विद्यालयों द्वारा अभी तक समिति का गठन नहीं किया गया है उनको 15 दिवस के भीतर समिति का गठन करते हुए उसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक/बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशा0/प्रर्व0) को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया तथा स्कूली वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर, वाहन पर प्रबन्धक/प्रधानाचार्य/चालक/परिचालक का मोबाइल नम्बर अंकित करने व वाहन गति सीमा न्यूनतम रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाने, समय-समय पर वाहन चालकों का नेत्र/शारीरिक परीक्षण कराने, राँग साइड से वाहन न चलाने, विद्यालय यान से भिन्न वाहनों पर छात्र-छात्राओं को न ले जाने तथा ऐसे वाहनों का विद्यालय से अनुबन्ध कराये जाने, चालक परिचालक पुलिस वेरिफिकेशन कराने, चालक लाइसेंस का सत्यापन कराने तथा वाहनों की फिटनेस की सघन जाँच करने व विद्यालयी वाहनों में सहायक की उपलब्धता के निर्देश दिये गये एवं छात्र-छात्राओं हेतु जो वाहन उपयुक्त नहीं हैं उनसे अपने बच्चों को विद्यालय न भेजे जाने के निर्देश दिये गये। मा० जलशक्ति मंत्री जी के प्रतिनिधि श्री अरविन्द्र चौहान जी द्वारा विद्यालय के वाहनों को आवागमन में आने वाले अवरोध पर प्रकाश डाला गया तथा उक्त अवरोध को खत्म करने पर बल दिया गया। अन्त में राजेश कुमार सचिव-जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति/सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल द्वारा उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त करते हुए एवं धन्यवाद देते हुए बैठक का समापन किया गया। बैठक में विधायक कालपी विनोद चर्तुवेदी, जलशक्ति मंत्री जी के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, सांसद जालौन-गरौठा-भोगनीपुर के प्रतिनिधि राजीव शर्मा, के०के०सिंह मुख्य विकास अधिकारी, राजेश कुमार सचिव-जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति/सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, विनय कुमार पाण्डेय यात्रीकर/मालकर अधिकारी, राजकुमार पण्डित जिला विद्यालय निरीक्षक, चन्द्रप्रकाश बेसिक शिक्षा अधिकारी, बीर बहादुर सिंह यातायात प्रभारी, रामअचल कुरील अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई, अजय कुमार गुप्ता (इटौरिया), अशोक कुमार राठौर प्रबन्धक एस०आर०पब्लिक स्कूल, सी0पी0 गुप्ता समाज सेवी, अब्दुल अलीम खान समाज सेवी, राजू पाठक समाज सेवी, विजय यादव प्रधानाचार्य सनराइज इण्टर काॅलेज,प्रधानाचार्य डिवाइनमर्सी, श्री रजनीश सिंह प्रधानाचार्य माॅर्निंग स्टार एवं जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबन्धक/प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश