दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र में घिवही रेलवे गेट के पास गुरुवार सुबह टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस से गिरे युवक आलम (42 )का बायां हाथ ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के विंढमगंज व महुअरिया रेलवे स्टेशन के बीच घिवही में बुधवार रात करीब 2 बजे प्यास लगने पर शाहगंज राबर्टसगंज निवासी आलम पुत्र रमजान ट्रेन के गेट पर खड़े हुए, अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गिर पड़े और बायां हाथ पहिए के चपेट में आ गया।
दर्द से कराहते हुए वे ट्रैक पर किनारे पड़े रहे।तड़के सुबह ग्रामीणों ने देखा तो घटना की सूचना विंढमगंज पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।