फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। विकास खंड फतेहगंज पश्चिमी की ग्राम पंचायत केरा में आयोजित ग्राम चौपाल में सरकारी योजनाओं की जानकारी का ऐसा माहौल बना कि ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्राम चौपाल की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आशीष पाल ने की, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान बीडीओ आशीष पाल ने मंच से ग्रामीणों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना, राशन कार्ड जैसी योजनाएं सीधे आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से समय पर आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सत्यवीर गंगवार ने किसानों को खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देकर चौपाल को खास बना दिया। उन्होंने फसल बीमा योजना, कृषि अनुदान योजनाएं और उन्नत कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही मूंग व उड़द जैसी दलहनी फसलों की खेती को लाभकारी बताते हुए किसानों को इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। बिजली, पेंशन, आवास और राशन से जुड़ी शिकायतों को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों की सक्रियता से ग्रामीणों में संतोष का माहौल दिखाई दिया।
इस मौके पर ग्राम सचिव सौरभ कुमार, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक करना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली