दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
शनिवार को दुद्धी तहसील दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल दुद्धी ने फुटपाथी व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपा। तहसील गेट के पास स्टेट की खाली जमीन पर सब्जी, मनिहारी, कपड़ा, जूता-चप्पल व पान-मसाला आदि की दुकानों से परिवार पालने वाले सैकड़ों व्यापारी नगर पंचायत के तार-ब्रैकेटिंग कार्य से दहशत में हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जयसवाल ने पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया कि इन व्यापारियों के पास अपनी जमीन न होने से वे आए दिन दुकानें हटाने की समस्या से जूझ रहे हैं। तारबाड़ लगने से उनके सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की है कि पहले अस्थायी स्थान चिह्नित कर व्यापारियों को सूचित किया जाए, जिससे दुकानें व्यवस्थित ढंग से लग सकें। इससे अतिक्रमण समाप्त होगा और बाजार में वाहन जाम व आवागमन की सुविधा बनी रहेगी।
महामंत्री जसवंत सिंह मौर्य ने बताया कि दुद्धी को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिला है, लेकिन स्टेट की जमीन पर बिना जिला प्रशासन के सहयोग के कोई व्यवस्था संभव नहीं। वार्ड 6 में 50 वर्ष पुरानी राजस्व कॉलोनी, जो अब खंडहर बन चुकी है, का स्थलीय निरीक्षण कर फुटपाथी व्यापारियों को 10 10 फुट स्थान देकर दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। इस कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
प्रार्थना पत्र में पूर्व पत्राचार 24 नवंबर 2023, 4 जनवरी 2025 व 12 सितंबर 2025 का उल्लेख कर बिना कार्रवाई पर नाराजगी जताई गई। तहसील दिवस पर सौंपे गए इस पत्र पर जिला प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर व्यापारियों को राहत देगा, ऐसी उम्मीद मंडल ने व्यक्त की ।