कुणाल बरिहा जिला रिपोर्टर
सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोल में हाल ही में एक नई शराब भट्टी खोली गई है। भट्टी खुलने के साथ ही आसपास के इलाकों में अवैध शराब की बिक्री में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भट्टी के आसपास आए दिन शराब बेचने वाले कोचियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे गांव का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की उपलब्धता बढ़ने से युवाओं में नशे की लत तेजी से फैल रही है, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों को भी असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। देर रात तक शराबियों की आवाजाही से शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और झगड़े-फसाद की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
एक ओर सरकार अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और नशामुक्ति को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर नई-नई दारू भट्टियां खुलने से सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भट्टी खुलने के बाद अवैध कारोबारियों को भी खुला संरक्षण मिल रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, भट्टी के संचालन की समीक्षा की जाए और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।