सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के ‘परिवहन विजन-2030’ के अंतर्गत वाहन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए परिवहन विभाग द्वारा आगामी 20 और 21 फरवरी, 2026 को संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय (RTO), सहारनपुर में दो दिवसीय ‘परिवहन मेला’ का आयोजन किया जा रहा है।परिवहन आयुक्त के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य हाल ही में लागू की गई ‘एकमुश्त कर’ (One Time Tax) व्यवस्था के बारे में वाहन स्वामियों को जागरूक करना है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मोटर यान कराधान अधिनियम में संशोधन कर व्यावसायिक वाहनों के लिए बार-बार टैक्स जमा करने की जटिल प्रक्रिया को समाप्त कर दिया है। अब वाहन पोर्टल पर यह नई तकनीकी व्यवस्था लाइव हो चुकी है। मेले की मुख्य विशेषताएँ, समाधान टैक्स गणना, समायोजन और भुगतान की विधि को लेकर वाहन स्वामियों की शंकाओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। पंजीयन: गैर-परिवहन (निजी) वाहनों को व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पात्र वाहन: दोपहिया (भाड़े पर संचालित), तिपहिया मोटर कैब, मैक्सी कैब, निर्माण उपकरण वाहन, 7500 किग्रा तक के माल वाहन और राज्य परिवहन की बसें इस योजना के दायरे में आएंगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन ने बताया कि इस मेले में विभाग के पर्याप्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि ट्रांसपोर्टरों और वाहन स्वामियों को कर प्रशासन के सरलीकरण का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित वाहन स्वामियों से इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़