फतेहगंज पश्चिमी। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। फरवरी 2026 से पर्चा (ओपीडी रजिस्ट्रेशन) बनवाने तथा विभिन्न जांच कराने के लिए आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य कर दिया गया है।
सीएचसी के फार्मासिस्ट डॉ. राजेंद्र मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि नई व्यवस्था के तहत पर्चा बनाते समय मरीजों का आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा। इससे मरीजों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संधारित किया जा सकेगा। भविष्य में उपचार से संबंधित जानकारी प्राप्त करने, फॉलोअप और रिपोर्ट उपलब्ध कराने में भी इससे सुविधा होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई मरीज किसी कारणवश आधार कार्ड या मोबाइल नंबर साथ नहीं ला पाता है, तो उसे उपचार से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे मरीजों का भी पर्चा बनाकर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं जांच लैब टेक्नीशियन सौरभ पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में होने वाली सभी प्रकार की जांचों के लिए भी आधार कार्ड और मोबाइल नंबर दर्ज करना आवश्यक होगा। इससे जांच रिपोर्टों का सुव्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होगा और जरूरत पड़ने पर मरीज को समय पर सूचना उपलब्ध कराना आसान होगा।
स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, रिकॉर्ड प्रबंधन सुदृढ़ होगा और मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अस्पताल आते समय आधार कार्ड और अपना सक्रिय मोबाइल नंबर अवश्य साथ लेकर आएं, ताकि पंजीकरण और जांच प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली