हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी रिपोर्टर
प्रयागराज। परीक्षा देकर घर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईंटवा खुर्द निवासी उपेंद्र चौहान (18) पुत्र जितेंद्र चौहान और सोनू (18) पुत्र विजय चौहान, परीक्षा देने के बाद राम आर पी इंटर कॉलेज से होंडा साइन बाइक से दोपहर करीब 12 बजे वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सिंकी ग्राम सभा कोहड़ार रोड पर पहुंचे, खीरी की ओर से आ रही होंडा एचएफ डीलक्स बाइक (जिस पर एक ही सवार था) से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उपेंद्र चौहान ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे युवक की इलाज के दौरान प्रयागराज के एक अस्पताल में मौत हो गई जो कि मध्य प्रदेश के रीवा जिले के त्योंथर तहसील अंतर्गत बांस बजरा का बताया जा रहा है।सोनू को हल्की-फुल्की चोटें आईं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज कराकर परिजन उसे घर ले गए।
बताया गया कि मृतक उपेंद्र चौहान अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से मां कौशिला चौहान का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक व्याप्त है और परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। मामले में खीरी थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि मृतक उपेंद्र चौहान के परिजनों द्वारा तहरीर प्राप्त हुई जिस आधार पर अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।