राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी|आगामी होली, रंगपंचमी एवं रमजान पर्व के दौरान जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले के समस्त थानों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी, नगर सुरक्षा समिति, शांति समिति, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यगण एवं होलिका दहन/रंगपंचमी के आयोजकगण उपस्थित रहे।
जनसंवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का पालन करने, हुड़दंग एवं अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु सभी से सहयोग की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया कि पर्वों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं तथा आमजन के सहयोग से सभी त्यौहार हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ संपन्न कराए जाएंगे।